



नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा वार्ड संख्या 01 निवासी 70 वर्षीय रामजी सिंह, पिता स्वर्गीय देवो सिंह का शव कोसी नदी से मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। वे सोमवार की संध्या अपने मवेशियों को लेकर दियारा से नदी पार कर घर लौट रहे थे, तभी नदी में डूबकर लापता हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामजी सिंह आधा दर्जन मवेशियों के साथ दियारा क्षेत्र से कोसी नदी तैरकर पार कर रहे थे। उनके साथ अन्य चरवाहे भी थे जो सुरक्षित नदी पार कर अपने घर पहुंच गए, लेकिन रामजी सिंह नहीं लौटे। देर रात तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो उठे और उनकी खोजबीन शुरू की।

मंगलवार की सुबह लगभग 6 बजे भवानीपुर पुलिस को नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की पहचान रामजी सिंह के रूप में की और उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी चरवाहे ने बताया कि रामजी सिंह मवेशी की पूंछ पकड़कर तैरते हुए नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ छूट गया और वे गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रो कर बेहाल हैं। भवानीपुर थानाध्यक्ष अवर निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के पुत्र के आवेदन पर यूडी केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस संबंध में नारायणपुर अंचलाधिकारी विशाल अग्रवाल ने कहा कि प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता मुआवजे के रूप में प्रदान की जाएगी।













