



नवगछिया। 14 नवंबर 2024 को इस्माईलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडीस्थान के पास हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में वादी गुड्डु कुमार, पिता उमेश मंडल को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।
इस मामले में इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 122/24 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 126(2), 118(2), 109(1), 303(2), 352, 3(5) बीएनएस तथा 27 आर्म्स एक्ट (संशोधित धारा 103 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट) के अंतर्गत छह नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने अनुसंधान प्रारंभ करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर सोमवार को इस मामले में संलिप्त आरोपी अमन यादव, पिता योगेंद्र यादव, निवासी इस्माईलपुर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी अमन यादव ने पूछताछ में स्वीकार किया कि घटना के दिन उनके मित्र सुमित यादव और मृतक के बीच सड़क पर साइड नहीं देने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर आक्रोश में आकर उन्होंने मृतक की गाड़ी रोक कर उसके साथ गाली-गलौज की और गोली चला दी थी।
पुलिस ने बताया कि इस कांड में अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।













