



भागलपुर में सड़क हादसे में घायल एक मजदूर की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। मजदूरी करने के लिए घर से बाइक लेकर निकले राजीव कुमार सिंह (27) नामक युवक को घर से लगभग 8 किलोमीटर दूर अज्ञात वाहन ने पीछे से रौंद दिया। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राजीव ने अपने परिजनों को फोन पर सूचना दी और वे उसे संग्रामपुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मायागंज अस्पताल भेजा गया।

यह घटना मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के रामपुर नहर मोड़ के पास हुई थी। मृतक की पहचान रशिक लाल सिंह के पुत्र राजीव कुमार सिंह के रूप में हुई। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। मृतक के चचेरे भाई वरुण कुमार सिंह ने बताया कि घायल राजीव ने अपने दोस्त को घटना की जानकारी दी थी और घर में फोन कर हम लोगों को सूचित किया। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल था। उसे तत्काल संग्रामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन मुंगेर से भागलपुर लाने के दौरान असरगंज के पास वह बेहोश हो गया। मायागंज अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वरुण सिंह ने यह भी बताया कि राजीव के साथ एक अन्य साथी भी हादसे में घायल हुआ है, जिनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं और घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल है। मुंगेर पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।













