



अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नवगछिया । बिहपुर भाजपा विधायक इ. शैलेंद्र ने बुधवार को बिहपुर, नारायणपुर और खरीक प्रखंड में स्थित गंगा और कोसी तटबंधों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से तटबंधों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि नवगछिया अनुमंडल में गंगा और कोसी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिसके मद्देनजर तटबंधों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान विधायक शैलेंद्र ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, नवगछिया के सहायक अभियंता राकेश कुमार मेहरा, और बिहपुर के कनीय अभियंता मंतोष कुमार भंडारी से गंगा और कोसी तटबंधों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और गंगा का जलस्तर बक्सर और बनारस में घटने के बाद अगले दो दिनों में यहां भी घटने लगेगा।

विधायक शैलेंद्र ने राघोपुर, झांव, काजीकोरैया से नन्हकार तक गंगा तटबंध का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। विशेष रूप से कालूचक विशपुरिया और सिहकुंड क्षेत्रों में तटबंधों की सुरक्षा को लेकर वे और अधिक सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र के सभी तटबंधों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया और अधिकारियों को तटबंधों की स्थिति पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया।
इस दौरान विधायक के साथ दिनेश यादव, रूपेश रूप, कुमार गौरव, अजय उर्फ माटो और परमानंद मंडल सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।













