



भागलपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और इसका प्रभाव अब सड़कों पर भी साफ नजर आने लगा है। खासकर भवनाथपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-80 पर स्थिति गंभीर हो गई है, जहां सड़क पर करीब 4 से 5 फीट तक पानी जमा हो गया है।
यह हाईवे भागलपुर को पटना से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन पानी की तेज धारा और लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण इस पर आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यदि जलस्तर में इसी प्रकार वृद्धि होती रही, तो जल्द ही भागलपुर से पटना का सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट सकता है। वर्तमान स्थिति में छोटे वाहन इस मार्ग से गुजर नहीं पा रहे हैं, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही भी धीमी हो गई है।
बाढ़ का प्रभाव भवनाथपुर और आसपास के गांवों में पहले से ही देखने को मिल रहा है। कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों के समक्ष पलायन की नौबत आ गई है। कई लोग ऊंचे स्थानों की ओर जा रहे हैं, जबकि कुछ लोग अपने घरों में ही फंसे हुए हैं।

प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है और कहा गया है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक अनावश्यक यात्रा से बचें।
ग्रामीणों की मानें तो प्रशासन की ओर से अब तक राहत कार्य सीमित स्तर पर ही किए गए हैं और यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के समक्ष पीने के पानी, बिजली और खाद्य सामग्री की समस्या भी उत्पन्न होने लगी है।













