



नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र के भ्रमरपुर गांव में रंगदारी, लूट और गोलीबारी की गंभीर घटना के आठ माह गुजर जाने के बाद भी नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस लापरवाही से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित नवनीत सिंह, पिता स्वर्गीय नारायण प्रसाद सिंह, ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक, भागलपुर प्रक्षेत्र के डीआईजी और बिहार के डीजीपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने लिखा है कि भवानीपुर थाना कांड संख्या 12/25 के तहत नामजद अभियुक्तों के खिलाफ अब तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अभियुक्त अब खुलेआम हथियार के साथ गांव में दहशत फैला रहे हैं।

घटना 16 जनवरी 2025 की है, जब भ्रमरपुर निवासी अभियुक्त गुलटेन कुंवर (पिता बाबूलाल कुंवर) और राजीव कुंवर उर्फ बौकू कुंवर (पिता विवेकानंद कुंवर) अपने गिरोह के साथ आग्नेयास्त्रों से लैस होकर नवनीत सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने नवनीत को घर से बाहर बुलाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो अभियुक्तों ने लाठी-डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इतना ही नहीं, अभियुक्तों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन भी छीन ली और चार राउंड फायरिंग कर पूरे गांव में दहशत फैला दी। घटना के बाद भवानीपुर पुलिस घटनास्थल से चार खोखा भी बरामद किए, लेकिन उसके बावजूद अब तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि अभियुक्तगण अपने गिरोह के साथ भ्रमरपुर और जयरामपुर इलाके में हर शाम ठाकुरबाड़ी के समीप एक कुएं के पास इकट्ठा होते हैं, जहां वे शराब और स्मैक का सेवन करते हैं और नशे में फायरिंग कर ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा करते हैं।
पीड़ित नवनीत सिंह और उनका परिवार इस समय बेहद डरा हुआ है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त पेशेवर अपराधी हैं, जो पहले भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस की निष्क्रियता चिंता का विषय है।
इस मामले में भवानीपुर थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।














