



अज्ञात अपराधियों ने तेईस वर्षीय युवक की हत्या कर शव उजानी कोसी धार में फेंका
06 अगस्त से मृतक घर से था लापता
नवगछिया पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया पुलिस जिला के नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उजानी में अज्ञात अपराधियों ने तेईस वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर उसका शव कोसी धार में फेंक दिया। मृतक की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के उजानी निवासी मो सोनू आलम पिता मो सद्दाम आलम, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक छह अगस्त से घर से लापता था। उसके परिजनों ने तीन दिनों तक गुपचुप तरीके से उसकी खोजबीन की, लेकिन सोनू का कहीं पता नहीं चला। शनिवार को, मृतक के पिता मो सद्दाम को एक स्वप्न आया जिसमें उनके बेटे मो सोनू कोसी धार से उन्हें मदद के लिए बुला रहा था। इस स्वप्न के बाद, मो सद्दाम ने दर्जनों ग्रामीणों के साथ कोसी धार की ओर चलकर खोजबीन शुरू की। वहां उन्हें मो सोनू का शव पानी में तैरता हुआ मिला।

मृतक के पिता मो सद्दाम ने बताया कि अपराधियों ने उसके बेटे की हत्या सिर में गोली मारकर की, और उसके गर्दन, कमर और पैरों में दर्जनों ईंटें रस्सी से बांधकर उसे कोसी में फेंक दिया। उन्होंने रोते हुए कहा, “यह मेरे पुत्र के साथ अन्याय हुआ है।”
सूचना मिलने के बाद, नवगछिया थाना अध्यक्ष रविशंकर सिंह पुलिस बल के साथ कोसी धार पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया।
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले पर नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि युवक का शव बरामद हुआ है और हत्या कर शव को फेंका गया है। उन्होंने कहा कि शव पूरी तरह फूल चुका है, और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के संदर्भ में कुछ स्पष्ट हो सकेगा।














