



भागलपुर : बिहार का बाढ़ से पुराना और गहरा नाता रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगा नदी ने अपने उफान से तबाही मचानी शुरू कर दी है। भागलपुर जिले में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण जनजीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ा है।
इस समय नाथनगर और सुल्तानगंज प्रखंड पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। गंगा का पानी रिहायशी इलाकों में घुस चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि नेशनल हाईवे-80 (एनएच-80) भी गंगा के पानी की चपेट में आ गया है। हाईवे पर लगभग 2 से 3 फीट ऊँचाई तक पानी बह रहा है, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग आवश्यक कार्यों के लिए भी यात्रा नहीं कर पा रहे हैं और आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।
वहीं, सबौर की ओर स्थित एनएच पर भी गंगा का पानी तेजी से बढ़ रहा है। निर्माणाधीन पुलिया के दोनों ओर की सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है और शीघ्र ही वहाँ भी सड़क पर पानी चढ़ सकता है।

भागलपुर शहर के निचले क्षेत्रों में भी बाढ़ का पानी घुस चुका है। इन इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
इस बीच भाजपा नेता दिलीप मिश्रा ने फरक्का बराज को इस बाढ़ के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि फरक्का बराज के कारण गंगा में गाद जमा हो रही है, जिससे नदी की प्रवाह क्षमता घट गई है और हर वर्ष बिहार के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है।













