5
(1)

नवगछिया : अगरतला स्थित टूरिज्म गेस्ट हाउस में ‘आर्ट ऑफ गिविंग’ की त्रिपुरा स्टेट यूनिट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक डॉ. अच्युत सामंत के जीवन दर्शन पर आधारित थी, जो कि कीट और किस यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं। इस आयोजन की अध्यक्षता नॉर्थ ईस्ट स्टेट प्रभारी और बिहार आर्ट ऑफ गिविंग के अध्यक्ष नील कमल राय ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत में त्रिपुरा और उत्तर-पूर्वी राज्यों में आर्ट ऑफ गिविंग के कार्यक्रमों का संचालन करने वाले विभूति देव बर्मा ने नील कमल राय का पारंपरिक बुके और अंगवस्त्र से स्वागत किया और स्वागत भाषण भी प्रस्तुत किया।

अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में नील कमल राय ने विस्तार से बताया कि किस प्रकार डॉ. अच्युत सामंत ने शिक्षा, समाजसेवा और खेल के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे दुनिया के 200 से अधिक देशों ने सराहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 17 मई को ‘वर्ल्ड आर्ट ऑफ गिविंग डे’ मनाया जाता है, जिसमें विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में प्रेम, भाईचारा और विश्वबंधुत्व की भावना को बढ़ावा दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि डॉ. अच्युत सामंत ने 1 लाख से अधिक गरीब, लाचार और आदिवासी बच्चों को केजी से पीजी तक नि:शुल्क शिक्षा, आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं प्रदान कर मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह सेवा कार्य “कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज” के माध्यम से किया गया है, जो विश्व का सबसे बड़ा रेजिडेंशियल संस्थान है।

नील कमल राय ने यह भी आश्वासन दिया कि नॉर्थ ईस्ट राज्यों में भी इसी प्रकार की योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, जिससे इन राज्यों के आदिवासी बच्चों को शिक्षा, खेल और जीवन के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

बैठक में मणिपुर से आए वीर जीत सिंह ने मणिपुर की सामाजिक समस्याओं पर प्रकाश डाला और ‘आर्ट ऑफ गिविंग’ के माध्यम से उनके समाधान के लिए सहयोग की बात कही।

बैठक के दौरान यह घोषणा की गई कि त्रिपुरा स्टेट यूनिट को जल्द ही और अधिक संगठित किया जाएगा तथा नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों को डॉ. अच्युत सामंत द्वारा लिखित पुस्तक ‘आर्ट ऑफ गिविंग: ए वे ऑफ लाइफ’ और आर्ट ऑफ गिविंग की टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में संजय सेन, दीपक सिन्हा, सौमित्र देव, सिंटू देव बर्मा, सुप्रभात त्रिपुरा, वीर विक्रम घोष समेत अन्य समाजसेवी भी उपस्थित रहे। अंत में विभूति देव बर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: