


भागलपुर। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के महेशी पंचायत अंतर्गत मोतीचक दियारा क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि महेशी पंचायत के मोतीचक गांव निवासी 15 वर्षीय मनोरंजन कुमार, पिता रामबिलास मंडल, गंगा किनारे गया था। इस दौरान उसका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे किसी तरह बाहर निकाला गया और आनन-फानन में इलाज के लिए सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गए। घटना की जानकारी पाकर जनप्रतिनिधि एवं राजद नेता नट बिहारी मंडल तथा जिला परिषद सदस्या आशा जायसवाल ने शोक व्यक्त किया और परिजनों को ढांढस बंधाया।












