



1000 से अधिक परिवारों को मिला सूखा राशन
नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के गोपालपुर बिंद टोली में गंगा नदी के भीषण बाढ़ और कटाव ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पानी और मिट्टी के कटाव के कारण सैकड़ों परिवार अपने घर और जमीन छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। इस कठिन परिस्थिति में समाजसेवी एवं 153 गोपालपुर विधानसभा के भावी विधायक प्रत्याशी प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आकर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।

प्रेमसागर गुरुवार को बाढ़ और कटाव प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए स्वयं पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया, लोगों की परेशानियों को सुना और तुरंत राहत पहुंचाने की पहल की। मौके पर उन्होंने लगभग 1000 से अधिक पीड़ित परिवारों के बीच सूखा राशन का वितरण किया, जिसमें कई आवश्यक सामग्री शामिल थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ और कटाव की मार से वे कई दिनों से भोजन और आवश्यक सामग्री के अभाव में थे। प्रेमसागर की इस मदद से उन्हें बड़ी राहत मिली। राहत वितरण के दौरान पीड़ित परिवारों के चेहरों पर संतोष और कृतज्ञता साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे। लोगों ने प्रेमसागर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब लोग अपने घर-बार से बेघर हो रहे हैं, तब एक मदद का हाथ उनके लिए उम्मीद की किरण है।
प्रेमसागर ने मौके पर कहा कि बाढ़ और कटाव से पीड़ित प्रत्येक परिवार तक सहायता पहुंचाना उनका संकल्प है। उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राहत कार्य रुकने नहीं पाएंगे और लगातार प्रभावित इलाकों में जाकर मदद पहुंचाई जाएगी।













