



भागलपुर । भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार पटना के आदेश के आलोक में आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट से परिचित कराने तथा उनमें जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ईवीएम डिमांस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) और मोबाइल डिमांस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) की व्यवस्था की गई है।

इस कार्यक्रम के तहत ईवीएम का प्रदर्शन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में 15 जुलाई 2025 से भागलपुर जिले के सभी अनुमंडल कार्यालयों में ईडीसी कार्यरत है। वहीं, दूसरे चरण में 18 अगस्त 2025 से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल डिमांस्ट्रेशन वैन के माध्यम से हर पोलिंग स्टेशन लोकेशन पर ईवीएम/वीवीपैट का प्रदर्शन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 152 – बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में नारायणपुर में 18 से 23 अगस्त तक, बिहपुर में 24 से 30 अगस्त तक और खरीक में 31 अगस्त से 7 नवंबर तक प्रदर्शन रथ चलेगा। 153 – गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में रंगरा चक में 18 से 26 अगस्त तक, गोपालपुर में 27 से 31 अगस्त तक, इस्माइलपुर में 1 से 5 सितंबर तक और 6 से 7 सितंबर तक प्रदर्शन रथ पहुंचेगा।

154 – पीरपैंती (अजा) विधानसभा क्षेत्र में कहलगांव में 18 से 30 अगस्त तक तथा पीरपैंती में 31 अगस्त से 15 नवंबर तक प्रदर्शन रथ संचालित होगा। 155 – कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में गोराडीह में 18 से 28 अगस्त तक, कहलगांव में 18 से 28 अगस्त तक और सबौर में 29 अगस्त से 3 सितंबर तक ईवीएम प्रदर्शन होगा। यहां दो मोबाइल वैन संचालित की जाएंगी।
156 – भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में नगर क्षेत्र में 18 से 28 अगस्त तक तथा 29 अगस्त से 7 नवंबर तक प्रदर्शन रथ का संचालन होगा। 157 – सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में सुल्तानगंज में 18 अगस्त से 3 नवंबर तक तथा शाहकुंड में 4 से 15 नवंबर तक रथ का संचालन किया जाएगा।
158 – नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में नाथनगर में 18 से 25 अगस्त तक, जगदीशपुर में 26 अगस्त से 5 नवंबर तक और सबौर में 6 से 13 नवंबर तक ईवीएम प्रदर्शन रथ संचालित होगा।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रत्येक प्रखंड में एक-एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिले के कुल 1292 मतदान केंद्रों पर ईवीएम प्रदर्शन रथ पहुंचेगा। इसमें 152 – बिहपुर के 147, 153 – गोपालपुर के 149, 154 – पीरपैंती के 210, 155 – कहलगांव के 242, 156 – भागलपुर के 143, 157 – सुल्तानगंज के 209 और 158 – नाथनगर के 192 मतदान केंद्र शामिल हैं।















