



भागलपुर। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा रोज की तरह कोचिंग पढ़ने गई थी। इसी दौरान आरोपी छात्र भी वहां पहुंचा। कोचिंग सेंटर से बाहर निकलने के बाद दोनों माछीपुर चौक के पास पहुंचे। पहले तो दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन अचानक कहासुनी बढ़ गई। इसी बीच छात्र ने मुर्गा काटने वाला चाकू निकालकर छात्रा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में छात्रा के हाथ पर तीन जगह गहरे जख्म आए, जिससे हाथ का मांस बाहर तक निकल आया। पेट में भी गंभीर चोट लगी है। वारदात के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी छात्र को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

इसी दौरान मौके पर पहुंचे कुछ पत्रकार घटना का वीडियो बनाने लगे, जिस पर आक्रोशित भीड़ ने पत्रकारों पर भी हमला कर दिया। यहां तक कि पुलिस जब आरोपी को बचाने पहुंची तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
फिलहाल छात्रा और आरोपी छात्र दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।













