



भागलपुर के बायपास थाना ओपी प्रभारी पर दबंगई और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया गया है। बुधवार को फुलवरिया गांव की लालपरी देवी और उनका परिवार वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत से मिले और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
लालपरी देवी ने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2011 में उन्होंने और उनके देवर विष्णु शर्मा ने मिलकर एक जमीन खरीदी थी। आरोप है कि ओपी प्रभारी प्रभात कुमार शर्मा दबंगई दिखाते हुए यह जमीन राजा पांडेय उर्फ रौशन पांडेय को दिलवाना चाहते हैं।
शिकायत में कहा गया है कि 11 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उन्हें थाना बुलाया गया। वहां जमीन छोड़ने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर विष्णु शर्मा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। बाद में दबाव डालकर उनके खिलाफ जबरन वीडियो बयान भी बनवाया गया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर “बुरे अंजाम” भुगतने की धमकी भी दी गई।

इस पूरे मामले पर ओपी प्रभारी प्रभात कुमार शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि यह आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा, “लोग थाना पर आए थे, उनकी शिकायत सुनी गई। किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। बेवजह मुझे फंसाने की कोशिश की जा रही है।”
अब सबकी निगाहें वरीय पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई पर टिकी हैं। पीड़ित परिवार ने उम्मीद जताई है कि उन्हें न्याय मिलेगा और दोषियों पर सख्त कदम उठाया जाएगा।














