


नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव के समीप गंगा प्रसाद धार में गुरुवार की सुबह स्नान करने गए एक वृद्ध की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पशुपालक कमलेश्वरी यादव उर्फ बिलो यादव (75) के रूप में हुई है।
मृतक की पुत्रवधू रुक्मिणी देवी ने बताया कि सुबह उनके ससुर घर से निकले थे। कुछ ही घंटे बाद सूचना मिली कि वे पानी में डूब गए हैं। जब परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि शव पानी में तैर रहा है। परिजनों के अनुसार, कमलेश्वरी यादव प्रतिदिन गंगा स्नान करने जाया करते थे। स्नान के दौरान पैर फिसलने से वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गोपालपुर थाने के अधिकारी शिवानंदन सहनी और कृष्ण कन्हैया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पानी से निकलवाकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया।
वहीं, ग्रामीण समाजसेवी अक्षय आनंद उर्फ टिंकू, मयंक कुमार, राकेश कुमार और विभाष यादव ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद के लिए स्थानीय प्रशासन से मांग की है।













