5
(1)

भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहमतबाग कब्रिस्तान के समीप शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे झाड़ियों से दुर्गंध आने पर बच्चों ने एक महिला का शव देखा। मृतका की पहचान रहमतबाग निवासी मोहम्मद इशार की पत्नी बीबी रोकेय्या (22) के रूप में की गई। महिला पिछले पांच दिनों से लापता थी।

पुलिस के अनुसार शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है और हाथ दुपट्टे से बंधे हुए थे। शव काफी हद तक गल चुका था। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दुपट्टे और कपड़ों के आधार पर पहचान की।

बताया गया कि सुबह कुछ बच्चे कब्रिस्तान के पास क्रिकेट खेल रहे थे। गेंद झाड़ियों में जाने पर वे खोजने पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आई। पास जाकर देखने पर उन्हें शव दिखाई दिया। बच्चों ने तुरंत घर जाकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।

मृतका के पिता मोहम्मद असगर ने बताया कि उनकी बेटी सोमवार की दोपहर से ही लापता थी। उन्होंने थाने में सूचना नहीं दी थी और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन कर रहे थे। उनका आरोप है कि ससुराल वाले मकान बनाने के लिए एक लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। वे 70 हजार रुपये देने को तैयार थे, लेकिन ससुराल पक्ष राजी नहीं हुआ। शादी के कुछ ही समय बाद से बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक मृतका का पति मोहम्मद इशार हैदराबाद में मजदूरी करता है। घर पर केवल उसकी मां रहती थी। घटना की जानकारी पति को भी दे दी गई है।

मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के परिजन ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस दहेज हत्या के साथ-साथ ऑनर किलिंग की भी आशंका के बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: