5
(2)

आठ घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद, पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंपा गया

नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत साधोपुर रिंगबांध के समीप रविवार की सुबह कोसी नदी में स्नान करने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान साधोपुर वार्ड संख्या 7 निवासी नीतीश मंडल के पुत्र भानु कुमार (12) और अखिलेश मंडल के पुत्र दिव्यांशु कुमार (12) के रूप में हुई। दोनों साधोपुर मध्य विद्यालय में कक्षा 6 के छात्र थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब आठ बजे दोनों किशोर स्नान करने के लिए रिंगबांध के समीप कोसी नदी में उतरे। इसी दौरान उनका पांव फिसल गया और वे जेसीबी से खुदे करीब 20 से 25 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। अथाह पानी में डूबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को समीप चर रहे चरवाहों और खेतों में काम कर रहे किसानों ने देखा, लेकिन जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, दोनों किशोर पानी में समा चुके थे।

सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव की खोजबीन शुरू की। दिनभर चली तलाशी के बाद संध्या करीब पांच बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर दोनों शव पानी में तैरते हुए मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा।

घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। दिव्यांशु की मां सुन्नी देवी, बहन और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। भानु की मां ममता देवी, भाई-बहनों समेत परिजन शव से लिपटकर विलाप करते रहे। मृतक भानु दो बहन और दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि दिव्यांशु एक बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था।

परिजनों ने बताया कि दोनों के पिता दिल्ली और मद्रास में राजमिस्त्री का काम करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।

इस संबंध में रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, पुलिस जांच कर रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक परिवारों को सरकारी मुआवजा सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं रंगरा अंचलाधिकारी से मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: