


पत्नी की गर्दन और सिर पर धारदार हथियार से वार कर पति ने उतारा मौत के घाट
नवगछिया के नदी थाना क्षेत्र के पिपरपांती ढोढ़ीया में घटी घटना
नवगछिया । नवगछिया पुलिस जिले के नदी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरपांती ढोढ़ीया में रविवार के दिन 12 बजे नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपित ने धारदार हथियार से पत्नी की गर्दन और सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मो. इसराइल की पत्नी सबरी खातून उर्फ साबो खातून (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नदी थानाध्यक्ष केशव चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। घटना के बाद पति समेत ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए थे।
जानकारी के अनुसार, मृतका का पति मो. इसराइल ऑटो चलाता है और लंबे समय से गाजा, स्मैक, शराब, महुआ समेत कई प्रकार के नशे का आदी था। नशे की हालत में वह पत्नी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करता था। रविवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ और कुछ देर बाद इसराइल ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सबरी खातून के गर्दन और सिर पर तीन से चार गहरे वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतका का मायका कटिहार जिले के रोतारा थाना क्षेत्र के फुदना कुमरह गांव में है। वह मो. वली की बड़ी पुत्री थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के माता-पिता, भाई और अन्य दर्जनों परिजन अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर रोने-बिलखने लगे। परिजनों के क्रंदन से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।
मृतका के भाई मो. आजम ने बताया कि उसी घर में उसकी दो बहनों की शादी हुई थी। सबरी को तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। बड़ी पुत्री सरजो खातून और मोनी खातून की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र मो. जाफर (15 वर्ष) परदेश में मजदूरी करता है। सबसे छोटी पुत्री सोनिया (13 वर्ष) अभी अविवाहित है।
वही नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में मृतका की पुत्री सोनिया ने कहा कि वह चापाकल पर गई थी इसी बीच उसके पिताजी ने धारदार हथियार से हत्या कर दिया ।
वहीं, देर रात पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपित पति मो. इसराइल को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी बरामद कर लेने की सूचना मिली हैं । हालांकि, इस मामले में थानाध्यक्ष केशव चंद्र से संपर्क नहीं हो सका।














