



भागलपुर। जिले के सरकारी कार्यालय अब कला और संस्कृति का जीवंत संगम प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्यालय की दीवारों पर पारंपरिक मंजूषा पेंटिंग बनाई जा रही है, जो न केवल देखने में आकर्षक है बल्कि गहरा संदेश भी दे रही है।
कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से यह दर्शाने की कोशिश की है कि किस प्रकार आधुनिक समय में अंधाधुंध वृक्षों की कटाई हो रही है और इसका सीधा असर पर्यावरण और जीव-जंतुओं पर पड़ रहा है। पेंटिंग यह संदेश देती है कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए कितने आवश्यक हैं और इनके संरक्षण के बिना जीवन असंभव है।

इसी के साथ भागलपुर की पहचान गंगा डॉल्फिन को भी चित्रित किया गया है। यह क्षेत्र डॉल्फिन अभ्यारण के लिए प्रसिद्ध है और पेंटिंग के जरिए लोगों को इस धरोहर के संरक्षण के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
कलाकारों ने पेंटिंग में तीन तरह के विशेष रंगों का इस्तेमाल किया है, जो न केवल दीवारों को खूबसूरत बना रहे हैं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहर के महत्व को भी उजागर कर रहे हैं।













