


भागलपुर में बैडमिंटन एवं तीरंदाजी खेल विधा में दिया जाएगा प्रशिक्षण
भागलपुर । खेल विभाग बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना के द्वारा राज्य में खेल के विकास हेतु लगातार कई कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के सभी जिलों में एकलव्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना एवं संचालन हेतु नई मार्गदर्शिका जारी कर दी गई है। जिसके तहत राज्य के सभी 38 जिले में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। इस संबंध में विभाग के द्वारा मार्गदर्शिका जारी कर दी गई है। भागलपुर में भी बैडमिंटन एवं तीरंदाजी खेल विधा का एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र की स्वीकृति दी गई है। जिसके आलोक में भागलपुर में भी इस एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र को प्रारंभ करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिए गए हैं। प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण हेतु चयनित खिलाड़ियों की सूची विभाग से प्राप्त की जाएगी तथा खिलाड़ियों की आवासन, भोजन, प्रशिक्षण संबंधित अन्य मूलभूत सुविधाएं आधुनिक खेल उपकरण आदि की व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्य किया जा रहे हैं। एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र का संचालन जिला पदाधिकारी भागलपुर की अध्यक्षता में गठित संचालन समिति के माध्यम से किया जाएगा। एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के पूरे राज्य में संचालन किये जाने से 12 से 14 वर्ष के वैसे खिलाड़ी जिनका चयन पूर्व में प्रशिक्षण केंद्र में नामांकन हेतु चयन ट्रायल के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित कर किया गया था उनके प्रशिक्षण की शुरुआत हो जाएगी। एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में 12 से 14 साल के वैसे बच्चे जो एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में रहते हैं उनको सरकार के द्वारा निशुल्क आवासन, पौष्टिक भोजन, एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के बगल में स्थित विद्यालयों से शिक्षण व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ आधुनिक खेल उपकरण एवं उच्च कोटि के दक्ष प्रशिक्षक के द्वारा प्रशिक्षण की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।












