



भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब तपस्वी नर्सिंग होम के पास स्थित एक किराए के फ्लैट से युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान आरा निवासी रोहित पांडे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रोहित पांडे भागलपुर में शेयर मार्केट का कारोबार करता था और पिछले कई वर्षों से यहां अकेले ही एक फ्लैट में रह रहा था। बीते कुछ दिनों से उससे परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा था। फोन पर बात न होने के बाद छोटा भाई राहुल पांडे भागलपुर पहुंचा। जब उसने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा बंद था।

इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़ा तो अंदर बाथरूम से सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी।
बताया जाता है कि मृतक की मां बिहार पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर आरा में पदस्थापित हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्यों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।














