



नवगछिया :
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के जादूगर और देश के हर खिलाड़ी के प्रेरणास्त्रोत मेजर ध्यानचंद को अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत में हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
जेम्स फाइटर ने कहा कि इस दिन को मनाने का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता लाना और देश के खिलाड़ियों को सम्मानित करना है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के ओलंपिक में दिए गए अद्वितीय प्रदर्शन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को हॉकी में स्वर्ण पदक दिलाकर देश को गौरवान्वित किया। उनकी यही उपलब्धियां आज भी सभी खेलों के खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं।

उन्होंने बताया कि खेल दिवस के मौके पर आज भी विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है, ताकि उनमें और बेहतर करने की भावना विकसित हो।

जेम्स फाइटर ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से अपील की कि वे बेहतर प्रशिक्षण लेकर अपने खेल में निखार लाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार और विभिन्न खेल संघों द्वारा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और विकास के लिए लगातार बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने युवाओं को खेल के प्रति गंभीरता और समर्पण के साथ जुड़ने की सलाह दी और कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।














