



भागलपुर । भागलपुर प्रमंडल, भागलपुर आयुक्त हिमांशु कुमार राय द्वारा शुक्रवार को 156- भागलपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 95 और 96 नगर निगम कार्यालय, भागलपुर में तथा 255, 256, 257 और 258 संयुक्त निदेशक कृषि कार्यालय, भागलपुर का निरीक्षण किया गया तथा बीएलओ के कार्य का सत्यापन किया। बूथ संख्या 95 और 96 पर उपस्थित बीएलओ अमरदीप कुमार पाठक एवं पिंकी कुमारी के कार्य का सत्यापन किया गया। उनसे फॉर्म 6, 7 और 8 के संग्रहण कार्य को देखा गया। उन्होंने उपस्थित बीएलओ से कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छुटे नहीं, यह ध्यान देना है, तथा जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गई है उन सबों का नाम नहीं छूटे। वहां संधारित पंजी का निरीक्षण भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी द्वारा किया गया।

आयुक्त ने दोनों मतदान केंद्र भवन के मतदान केंद्रों को देखा कि जिस कमरे में वोटर कंपार्टमेंट बनाया जाता है वहां प्रवेश और निकास के लिए दो दरवाजे उपलब्ध हैं या नहीं। साथ ही मतदान केंद्र पर एएमएफ की सुविधा यानी पेयजल, रैंप, महिला पुरुष शौचालय, बिजली, फर्नीचर इत्यादि की सुविधा उपलब्ध है कि नहीं। इसका भी निरीक्षण किया। बूथ संख्या 255 पर बीएलओ शशि प्रभा, 256 पर बीएलओ निर्मला कुमारी, 257 पर बीएलओ कुमार आनंद एवं बूथ संख्या- 258 पर बीएलओ सुभट्ट कुमार मंडल उपस्थित थे। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया ऋतुराज प्रताप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी उपस्थित थीं।














