



भागलपुर: सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम क्षेत्र में रविवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध क्लिनिकों पर बड़ी कार्रवाई की। रेफरल अस्पताल के मैनेजर रमण कुमार सिंह और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर स्टेशन रोड स्थित आयोग सेवा सदन नामक अवैध क्लिनिक को सील कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आयोग सेवा सदन में जरूरी कागजात की कमी थी और क्लिनिक का रख-रखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया।

इसके साथ ही टीम ने स्टेशन रोड स्थित बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर में भी छापेमारी की। यहां क्लिनिक से जुड़े कागजातों की बारीकी से जांच की गई, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान रेफरल अस्पताल के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुल्तानगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे क्लिनिकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।













