



भागलपुर जिले के घोंघा थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर-पीरपैंती मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जमसी गांव निवासी सत्येंद्र सिंह राजपूत के पुत्र रोशन सिंह (26) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रोशन सिंह अपने रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-80 स्थित घोंघा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही घोंघा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां जांच की प्रक्रिया जारी है। इधर, घटना की खबर सुनते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।

मृतक के चाचा लाल बहादुर सिंह ने बताया कि रोशन पीरपैंती में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे और लौटते वक्त यह हादसा हो गया। घोंघा पुलिस ने घर पर आकर घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
रोशन सिंह की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और उनकी एक छोटी बच्ची है। मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं।

थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












