



भागलपुर । बिहपुर प्रखंड अंतर्गत स्थित खानका-ए-आलिया कादिरिया फरीदिया मोहब्बतिया में आगामी 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी का पर्व बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। यह त्योहार बारहवीं शरीफ के नाम से भी प्रसिद्ध है। इस अवसर पर खानका परिसर में पैगंबर हजरत मुहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के पवित्र मुए मुबारक की जियारत आम लोगों को कराई जाएगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे कुरानखानी से होगी, जो 9 बजे तक चलेगी। इसके बाद मिलाद शरीफ, जलसा, तकरीर और नात शरीफ का आयोजन किया जाएगा। पूरे कार्यक्रम की सदारत खानका के सज्जादानशीन हजरत अली कौनैन खां फरीदी करेंगे। वहीं, कार्यक्रम का संचालन नायब सज्जादानशीन हजरत मौलाना अली शब्बर खां फरीदी की कयादत में होगा।
इस दौरान बिहपुर क्षेत्र के सभी जुलूस-ए-मोहम्मदी का खानका में स्वागत किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।














