



भागलपुर। स्वस्थ भारत की ओर एक कदम “मिलेट्स अपनाएं, जीवन स्वस्थ बनाएं” के तहत मंगलवार को सुंदरवती महिला महाविद्यालय परिसर में एक विशेष मिलेट्स स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पोषक अनाज (मिलेट्स/श्री अन्न) के महत्व को आमजन तक पहुँचाना और दैनिक आहार में इसके उपयोग को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को अंग वस्त्र और बुके देकर सम्मानित करने के बाद हुई। उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर निशा झा, अंग्रेजी विभाग की शिक्षिका डॉक्टर श्वेता, डॉक्टर दीपक कुमार दिनकर और संस्था की संस्थापिका डॉक्टर प्रिया सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सभी वक्ताओं ने मिलेट्स के पोषण संबंधी लाभ और उनके नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य फायदों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्थानीय और पारंपरिक मोटे अनाज मिलेट्स की प्रासंगिकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने बताया कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि इससे कृषकों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
मौके पर एसएम कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर निशा झा ने कहा कि मिलेट्स को आहार में शामिल कर कई बीमारियों से बचा जा सकता है और एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरूक समाज की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। वहीं संस्था की संस्थापिका डॉक्टर प्रिया सोनी ने कहा कि आज के इस तेज़ रफ्तार जीवन में लोग फास्ट फूड जैसे चाऊमीन और बर्गर खाने के आदी होते जा रहे हैं, जिससे विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन यदि लोग अपने पुराने पारंपरिक मोटे अनाज मिलेट्स को अपनी रसोई में शामिल करें, तो वे अनेक बीमारियों से बचकर स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने मिलेट्स को अपनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों, शिक्षकगण और अन्य प्रतिभागियों ने संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की।













