



गोपालपुर के बड़ी मकंदपुर निवासी भागलपुर के तिलकामांझी चौक पर बेचता था सब्जी
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मकंदपुर निवासी सब्जी विक्रेता संजय मंडल पिता स्वर्गीय जलधर मंडल उम्र 45 वर्ष की मौत हो गई। संजय मंडल भागलपुर के तिलकामांझी चौक पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सब्जी बेचने के दौरान ही उन्हें अचानक अटैक आया। सीने में तेज जलन महसूस होने पर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी और पास की दवा दुकान से दवा भी खाई, लेकिन तबीयत और बिगड़ गई।

स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें भागलपुर के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां नंबर की बाध्यता के कारण तत्काल इलाज नहीं मिल सका। इसके बाद वे उन्हें नवगछिया बस स्टैंड स्थित एक निजी क्लिनिक में ले गए। वहां इलाज शुरू हुआ, लेकिन अचानक उनकी हालत और बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि क्लिनिक तक वे खुद पैदल चलकर पहुंचे थे, लेकिन उपचार के दौरान उनके हाथ-पाँव ठंडे पड़ने लगे। इसके बाद चिकित्सक ने उन्हें नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी चंपा कुमारी रो-रोकर बेहोश हो जा रही थीं। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पत्नी ने कहा कि पति सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे, लेकिन अब पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।
मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने बताया कि उनके पिता सब्जी बेचते समय अचानक सीने में दर्द की शिकायत करने लगे थे। पहले उन्हें भागलपुर में डॉक्टर एक निजी क्लीनिक के डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन नंबर की समस्या के कारण इलाज नहीं हो सका। बाद में नवगछिया के एक सुप्रसिद्ध डॉक्टर के यहां ले गए, जहां इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और अंतिम संस्कार के लिए शव अपने घर ले गए। घटना से पूरे गांव और परिवार में गम का माहौल है।













