



भागलपुर। ईशीपुर बाराहाट थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक शराब माफिया को उसके घर से गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की।
डीएसपी-2 डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धुनियाचक (हरदेवचक यादव टोला) निवासी गौतम कुमार, पिता स्वर्गीय रामकृष्ण यादव, अपने घर में अवैध विदेशी शराब का भंडारण कर उसका कारोबार कर रहा था। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान गौतम कुमार के घर से विभिन्न ब्रांड की कुल 176.25 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ही शराब तस्कर गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी ने बताया कि गौतम कुमार का नेटवर्क काफी बड़ा है और वह लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय था। आरोपी पर पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 2018 और 2020 में भी उस पर मधनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष मनीष कुमार, उपनिरीक्षक नंदन महतो, एएसआई चंदन कुमार मालाकार, जवान मनीष कुमार, अजीत कुमार, अजीत कुमार मंडल और संजीव कुमार शामिल थे।

डीएसपी डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मधनिषेध अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है। साथ ही शराब के इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई शराब माफियाओं के लिए एक सख्त संदेश है।












