



नवगछिया । 23 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में राष्ट्रीय कैडेट कोर का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-10 मंगलवार 2 सितंबर से बरौनी में शुरू हुआ, जो 11 सितंबर तक चलेगा। इस शिविर में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से लगभग 450 बालक एवं बालिकाएं भाग ले रही हैं।

शिविर के उद्घाटन सत्र में 23 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितेश मोहन ने कैडेटों को संबोधित करते हुए एनसीसी के मुख्य उद्देश्य एकता और अनुशासन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस शिविर के दौरान कैडेटों को राइफल ड्रिल, छोटे हथियारों से फायरिंग, क्विज, खेलकूद, परेड ड्रिल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कर्नल मोहन ने कैडेटों से आग्रह किया कि वे शिविर से मिलने वाले अवसरों का ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ लाभ उठाएं।
इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर राजेश नंदन, अंजन कुमार, जीसीआई दीक्षा, महिमा, गुड़िया, सूबेदार मेजर सुरेश कुमार टुडे, पीआई दया बहादुर, हरजिंदर सिंह, सुच्चा सिंह तथा 23 बिहार बटालियन के अन्य सभी इंस्ट्रक्टर मौजूद रहे।














