



भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के बैजलालपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में पानी जमा होने के कारण 5 वर्षीय मासूम शिवम कुमार की डूबने से मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार शिवम मंगलवार की शाम घर के पास खेलने गया था। खेलते-खेलते वह गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से निकाला जा सका। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक के चाचा तुलसी कुमार ने बताया कि शिवम परिवार में दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी मातम छा गया है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।













