



भागलपुर। अकबरनगर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना घट गई। गांव निवासी 60 वर्षीय जमाल डोम की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जमाल डोम स्नान कर चुके थे। इसी दौरान उनका पोता तालाब में नहा रहा था। अचानक पोता गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख दादा ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने अपने पोते को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गहरे पानी में फंसकर बाहर नहीं निकल पाए।

गांव के लोगों ने तुरंत खोजबीन शुरू की और करीब आधे घंटे बाद जमाल डोम का शव तालाब से निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक जमाल डोम बांस से सूप, पंखा और डलिया बनाने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने उन्हें एक कर्मठ और परिवार के प्रति समर्पित व्यक्ति के रूप में याद किया।














