



भागलपुर। दीपनगर घाट पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया जब गंगा नदी में स्नान कर रहे 14 वर्षीय मन्नी कुमार की डूबने से मौत हो गई। मृतक मन्नी कुमार लीगल महतो का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार, मन्नी अपने दोस्तों के साथ गंगा में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने काफी कोशिश कर उसे बाहर खींच भी लिया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बच्चे का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। इसी कारण हर साल ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसर गया और लोग गहरे सदमे में हैं।














