



नवगछिया । बरौनी–कटिहार रेलखंड पर नवगछिया के पूर्वी रेल समपार से लगभग डेढ़ किलोमीटर पूरब, भवानीपुर के समीप शनिवार की संध्या रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। अब उस शव की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के मनियामोड़ वार्ड संख्या 12 निवासी मोहम्मद अयान खान (उम्र 16 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहम्मद अजीर खान के रूप में हुई है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि अयान शुक्रवार की सुबह बारह रबीउल अव्वल त्योहार के अवसर पर जुलूस में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रात तक उसके वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और उसकी खोजबीन शुरू कर दी।
रविवार को परिजन ढूंढते हुए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें रंगरा थाना के माध्यम से शव की जानकारी मिली। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान की। अयान की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता की मृत्यु करीब पांच वर्ष पूर्व गंभीर बीमारी के कारण हो चुकी थी। वे रस्सी बनाने का काम करते थे। उनके निधन के बाद चार बेटे और पांच बेटियों की जिम्मेदारी पूरी तरह पत्नी रबा खातून पर आ गई। उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण किया। परिवार की दो बेटियां अब भी अविवाहित हैं।
रंगरा थाना प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक विश्वबंधु कुमार ने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है। युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। इस मामले में यूडी केस (अस्वाभाविक मौत) दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।












