



नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया गांव में रविवार सुबह करीब 10:30 बजे एक हृदयविदारक घटना में गंगा नदी में स्नान के दौरान दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान नवटोलिया वार्ड संख्या 10 निवासी बीरेंद्र झा की पुत्री वर्षा कुमारी (उम्र 17 वर्ष) और अंशिका कुमारी (उम्र 8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बहनों के शव अब तक बरामद नहीं किए जा सके हैं।

घटना के समय मृतका की मंझली बहन रिया कुमारी और मौसेरी बहन निशु कुमारी (डीमई, थाना फुल्लीडुमर, जिला बांका) भी साथ थीं, जिन्हें ग्रामीणों ने समय रहते गंगा की तेज धार से बचा लिया।
परिवार की महिलाएं—मां रीना झा और नानी—चारों बच्चियों को लेकर नवटोलिया काली मंदिर में पूजा के लिए गई थीं। मंदिर में पूजा से पहले सभी किशोरियां घाट पर स्नान करने लगीं। चारों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ा हुआ था और किनारे पर ही स्नान कर रही थीं। इस दौरान अचानक पांव फिसलने से वर्षा और अंशिका गहरे पानी में बह गईं। उन्हें डूबते देख रिया और निशु भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गईं, लेकिन खुद भी डूबने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तत्परता दिखाते हुए रिया और निशु को बांस की सहायता से बाहर निकाल लिया, लेकिन वर्षा और अंशिका को नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से शवों की तलाश शुरू की। दोपहर बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन चार घंटे की देरी से आने पर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। देर शाम तक एसडीआरएफ की टीम ने गंगा नदी में जहाज घाट, नारायणपुर से गनौल तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों बच्चियों का शव नहीं मिल पाया था।
घटनास्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। मृतक बच्चियों की मां और अन्य परिजन मौके पर ही दहाड़ मारकर रोते नजर आए। बताया जा रहा है कि वर्षा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी, जबकि अंशिका सबसे छोटी। घर में कोई भाई नहीं है।
पिता बीरेंद्र झा बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी रीना झा गांव में एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। वर्षा 11वीं और अंशिका पहली कक्षा की छात्रा थी। दोनों पढ़ाई के साथ-साथ घर के कामों में मां का सहयोग करती थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही बीरेंद्र झा बेंगलुरु से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। नारायणपुर अंचल पदाधिकारी विशाल अग्रवाल ने बताया कि दो किशोरियों के डूबने की जानकारी मिली है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा शवों की तलाश जारी है। सोमवार को भी तलाशी अभियान चलाया जाएगा। शवों के बरामद होने पर पोस्टमार्टम के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत परिजनों को मुआवजा सहायता दी जाएगी।













