



निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
भवानीपुर पुलिस अंजान
नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चौहद्दी में रविवार को सुबह करीब 10 बजे घरेलू विवाद में एक युवक ने पशुओं में हार्मोन के लिए लगने वाला ऑक्सी-टॉसिन इंजेक्शन पी लिया। वहीं सेवन करने के कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ने लगा। आननफानन में घरवाले उसे खगरिया जिला के पसराहा थाना क्षेत्र एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के क्रम में युवक की मौत हो गई।

मृतक भवानीपुर थाना क्षेत्र के चौहद्दी निवासी धीरज कुमार पिता मंटू यादव उम्र 19 वर्ष बताया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद आक्रोश में आकर धीरज ने भैंस को लगने वाला हार्मोन का ऑक्सी-टॉसिन इंजेक्शन पी लिया। मृतक तीन भाई व एक बहन में मंझला था। धीरज परदेस में रहकर मजदूरी करता था। वह पिछले कुछ माह से घर पर रहकर खेतीबारी व मवेशियों की देखभाल करता था। घटना के बाद मृतक की मां-पिता समेत दोनों भाई व बहन का रोरोकर बुरा हाल है। इस बारे में भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास असफल रहा।














