5
(1)

भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड के एकचारी दियारा गांव में बुधवार को दो उग्र साढ़ों ने अचानक गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार, साढ़ों ने दर्जनों घरों में तोड़फोड़ की, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस घटना में वार्ड संख्या पाँच की निवासी निर्मला देवी का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के दौरान परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए घर से बाहर भागने लगे। महिलाओं और बच्चों में सबसे ज्यादा भय का माहौल देखा गया। पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों उग्र साढ़ों को गांव से बाहर खदेड़ा।

गांव के शंभू मंडल, गुरुदेव मंडल, बिहारी मंडल, वकील मंडल, राजेंद्र मंडल, गोविन्द कुमार और मुकेश कुमार समेत कई ग्रामीणों ने मिलकर प्रयास किया और बड़ी तबाही को टालने में सफल रहे। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या अक्सर बनी रहती है। फसल के मौसम में साढ़ खेतों में घुसकर किसानों की महीनों की मेहनत को पलभर में नष्ट कर देते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे उग्र साढ़ों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए ताकि गांव और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: