



भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर के पास बीती रात एक सड़क हादसे में दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमजानीपुर निवासी महावीर पहाड़िया के पुत्र बदला पहाड़िया (35) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बदला पहाड़िया कुछ दिनों से अपने ससुराल कुंजबन्ना गांव में रह रहे थे। उनके साथ चचेरा भाई उपेंद्र पहाड़िया भी रोजगार की तलाश में वहां आया हुआ था। दोनों वाहन मालिकों से चालक की नौकरी मिलने की उम्मीद में थे। बुधवार की रात ससुराल में भोजन करने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुर के पास अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में बदला पहाड़िया का नियंत्रण बिगड़ गया और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी।

हादसे में बदला पहाड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उपेंद्र को हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों को पीरपैंती रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बदला पहाड़िया की मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
परिजन गोविंद पहाड़िया ने बताया कि बदला अपने ससुराल घूमने गया था और लौटने के दौरान बाइक के सामने कुत्ता आ जाने से यह हादसा हुआ।













