



भागलपुर । भागलपुर के पीरपैंती नगर पंचायत अंतर्गत शेरमारी हाट बाजार में रविवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब बाजार करने आए लोगों ने तीन युवकों को मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब्जी खरीदने आए ग्राहकों की भीड़ में तीन युवक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। संदेह होने पर कुछ स्थानीय लोग सतर्क हो गए और पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान नालंदा जिले के रम्भा, एकडारा गांव निवासी सत्यम कुमार और प्यालापुर गांव निवासी सन्नी कुमार के रूप में की गई है। हालांकि तीनों आरोपी पकड़े जाने के बाद एक-दूसरे को पहचानने से साफ इंकार कर रहे थे, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पीरपैंती पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है और न ही किसी पीड़ित ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि हाट में पिछले कुछ सप्ताह से लगातार छोटी-मोटी चोरी की घटनाएँ हो रही थीं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। इधर, पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटनाएँ जारी रहीं तो वे हाट में सुरक्षा को लेकर स्वयं बड़ा कदम उठाएँगे।













