



भागलपुर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय महिलाओं ने कड़ा विरोध जताया। महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक नाला नहीं बनेगा, तब तक सड़क भी नहीं बनने देंगे।
जानकारी के अनुसार, नगर विकास एवं आवास विभाग के 15वें वित्त आयोग योजना मद से गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती शिशु मंदिर के सामने तेरह लाख चौबीस हजार सात सौ बीस रुपये की लागत से पीसीसी पथ निर्माण होना था। इस कार्य का शिलान्यास नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री जीवेश कुमार के हाथों होना तय था। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम की मेयर डॉ. वसुंधरा लाल करने वाली थीं, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद अजय मंडल, उप-मेयर और विधायक की उपस्थिति भी प्रस्तावित थी।

लेकिन शिलान्यास से पहले ही वार्ड नंबर 9 की महिलाओं ने नारेबाजी कर कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं का कहना था कि यहां नाले की आवश्यकता सड़क से कहीं ज्यादा है। यदि पहले नाला नहीं बना तो बारिश में जलजमाव की समस्या और गंभीर हो जाएगी। महिलाओं के कड़े तेवर देखते हुए मंत्री और मेयर शिलान्यास स्थल पर नहीं पहुंचे। लिहाजा, शिलान्यास का बोर्ड भी बिना कार्यक्रम के ही वापस हटा दिया गया।
महिलाओं का कहना था कि वे अपनी मांग को लेकर पीछे हटने वाली नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने भी उनका समर्थन किया और एकजुट होकर नारे लगाए – “नाला नहीं तो सड़क नहीं।”














