


भागलपुर। भागलपुर का टाउन हॉल 12 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से शंखनाद युवा संवाद का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बिहार सरकार के कई मंत्री, एनडीए के सांसद और विधायक शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को लेकर न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि आम शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
तैयारी की समीक्षा और आयोजन की जानकारी देने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नीरज नवीन ने कहा कि कल का युवा संवाद ऐतिहासिक होगा और यह आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने बताया कि इस संवाद के माध्यम से युवा पीढ़ी राजनीति, समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझ पाएगी।
वहीं, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आशीष पांडे ने भागलपुर वासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आग्रह किया कि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से यह संवाद न केवल सफल होगा बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित होगा।
आयोजन को लेकर शहर में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। कार्यकर्ता जगह-जगह जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। युवाओं के बीच संवाद को लेकर उत्साह चरम पर है और उम्मीद जताई जा रही है कि कार्यक्रम ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगा।












