



भागलपुर । भागलपुर जिले में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। मामला बिहपुर थाना क्षेत्र के अंसारी टोला मिल्की वार्ड संख्या-11 का है, जहां लगातार मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी मायके चली गई। वहीं पति ने ग्रामीण युवकों पर पत्नी को भगा ले जाने का आरोप लगाकर नवगछिया एसपी समेत वरीय अधिकारियों को आवेदन दिया है।
स्थानीय निवासी मो. फिरोज आलम, पिता मरहूम सज्जाद अंसारी ने 2 अगस्त 2025 को अपनी पत्नी अंजुम आरा (45 वर्ष) पर गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीण युवकों पर बहला-फुसलाकर पत्नी को भगा ले जाने की बात कही। साथ ही लाखों रुपये नकद और जेवरात लेकर फरार होने का भी आरोप लगाया। इस आवेदन को लेकर उन्होंने प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया।

लेकिन जब यह बात पत्नी अंजुम आरा को पता चली तो वह अपने पिता के साथ रोते हुए बिहपुर थाना पहुँची और थानाध्यक्ष को अपना पक्ष रखा। अंजुम आरा ने कहा कि वह छह बच्चों की माँ है और पति द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने बताया कि पति अपनी गलती छिपाने और प्रशासन को गुमराह करने के लिए इस तरह की झूठी कहानी बना रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि पति गांव के एक व्यक्ति से रुपये को लेकर विवाद में उलझा है और अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए उस पर घृणित आरोप लगा रहा है। उसने कहा कि पति लगातार उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता रहा और यहां तक कि घर में आग लगाकर जान से मारने की धमकी दी। मजबूरी में वह अपने मंझले पुत्र शाहनवाज के साथ बाइक से नाथनगर मायके चली गई।

अंजुम आरा ने आगे कहा कि वर्ष 2002 में शादी के बाद पति उसे दिल्ली ले गया था, लेकिन वहां भी उसने कभी कमाई नहीं की। वह कर्ज लेकर ऐय्याशी करता रहा। जब उसने फिजूलखर्ची रोकने की कोशिश की तो पति ने उसे गाँव लाकर छोड़ दिया और परिवार का खर्च उठाना बंद कर दिया। वर्षों से वह अपने पिता और भाई की मदद से बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। महिला ने बताया कि दो बेटियाँ विवाह योग्य हो चुकी हैं, एक बेटा बाहर काम करता है और सभी बच्चों को अपने पिता की सच्चाई पता है।
बिहपुर थानाध्यक्ष पुनि संतोष कुमार ने बताया कि महिला फरार नहीं हुई है। थाने पर आकर महिला ने बयान दिया है कि वह पति की मारपीट से तंग आकर मायके गई है और जब तक पति का व्यवहार नहीं बदलता, तब तक वह उसके साथ नहीं रहेगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि महिला का बयान वीडियो के रूप में दर्ज किया गया है और मामले की जांच कर अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।














