



नवगछिया। सीमांचल, कोसी और अंग क्षेत्र की जनता को केंद्र सरकार की ओर से एक और बड़ी सौगात मिली है। 15 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोगबनी–ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन (06602) का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर नवगछिया स्टेशन परिसर में शाम 6:00 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
भागलपुर लोकसभा क्षेत्र में इस ट्रेन के शुभारंभ को लेकर उत्साह का माहौल है। सांसद अजय कुमार मंडल ने भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रेन इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए अब बिहार से दक्षिण भारत तक का रेल संपर्क और भी सुगम हो जाएगा। इस सुविधा से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की नई राहें खुलेंगी।

सांसद मंडल ने नवगछिया स्टेशन सहित पूरे क्षेत्र को इस सुविधा से जोड़ने का श्रेय प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और सरकार की विकासपरक नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन न केवल यात्रा को आसान बनाएगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगी।
इधर, नवगछिया जदयू जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह कुशवाहा ने भी प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और सांसद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सांसद अजय कुमार मंडल के प्रयासों से इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव हुआ है, जिससे अंग और सीमांचल के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।














