



भागलपुर। बिहार के भागलपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए इस बार कुल 16 बेंच स्थापित किए गए। इन बेंचों पर रेलवे, बैंक, बिजली, जमीन-जायदाद समेत विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। वर्ष 2025 में राष्ट्रीय लोक अदालत का यह तीसरा आयोजन है।

राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसका उद्घाटन भागलपुर के उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, प्रिंसिपल जज राजकुमार राजपूत और जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में वादकारी और वकील मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रिंसिपल जज राजकुमार राजपूत ने कहा कि न्याय के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अदालत परिसर में सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। यहां लोग अपनी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। उनका मानना है कि इससे आम जनता में लोक अदालत के प्रति जागरूकता और भरोसा दोनों में वृद्धि होगी।













