



भागलपुर। शहर के लाजपत पार्क गली में शनिवार को पार्किंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। नगर निगम की एक गाड़ी अवैध रूप से खड़ी थी, जिसे हटाने के लिए यातायात प्रभारी ने निर्देश दिया। इसी बात को लेकर गाड़ी चालक और यातायात प्रभारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

मामला बढ़ने पर नगर निगम के कुछ लोग भी वहां पहुंच गए और यातायात प्रभारी को घेरने लगे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रभारी ने तुरंत यातायात डीएसपी आशीष कुमार सिंह को सूचना दी। डीएसपी मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया।
उनके प्रयास से माहौल शांत हुआ और विवाद सुलझ गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।













