



भागलपुर । बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा बीडी पब्लिक स्कूल, पानापुर लांगा (हाजीपुर) में 31वीं बिहार राज्य सब जूनियर और 32वीं राज्य सीनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज शनिवार से हुआ।
बालिका वर्ग के उद्घाटन मैच में बेगूसराय ने एसवीवी एकेडमी को 35-19 और 35-21 से हराकर विजयी शुरुआत की। वहीं, बालक वर्ग में पूर्वी चंपारण ने नवगछिया को 35-31, 21-35, 35-28 से पराजित किया। इसी श्रेणी में लखीसराय ने किलकारी को 21-35, 35-33, 35-27 से मात दी। पूर्वी चंपारण की ओर से सत्यम, अभिषेक, अरविंद और आयुष तथा लखीसराय की ओर से कुंदन, चंदन, मणिकांत और अंकुश ने शानदार खेल दिखाया।

तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष संगीता कुमारी, राष्ट्रीय युवा विकास परिषद के अध्यक्ष किशलय किशोर और बीडी पब्लिक स्कूल के निदेशक अजिताभ कुमार ने दीप प्रज्वलित कर एवं नारियल फोड़कर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया।
विधायक अवधेश सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों को भी सरकार की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने महिला और पुरुष खिलाड़ियों को चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता प्रतिवेदन बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने प्रस्तुत किया। स्वागत वैशाली जिला संघ के सचिव रवि रंजन कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संघ के संयोजक सह जमुनी लाल कॉलेज, हाजीपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ. अरुण दयाल ने दिया।

इस अवसर पर रालोसपा नेता कमल प्रसाद सिंह, राज्य संघ के संयुक्त सचिव रंजन कुमार गुप्ता, राकेश रंजन, तकनीकी निदेशक दीपक सिंह कश्यप, टूर्नामेंट कमेटी संयोजक सतीश कुमार, मुख्य चयनकर्ता (सब जूनियर) बादल कुमार, दीपक प्रकाश रंजन, संतोष शर्मा, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव राजेश शुभांगी, आरपीएफ निरीक्षक राज कुमार, आरसीटी स्किल्स के निदेशक ई. रवि कुमार, पप्पू कुमार सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
मंच संचालन अभय सिंह आर्या ने किया। कार्यक्रम में बीडी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। यह जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।













