



नारायणपुर : जयप्रकाश महाविद्यालय नारायणपुर में शनिवार को तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिमलेन्दु शेखर झा ने कुलाधिपति के निर्देश पर ‘विस्तार पटल’ कार्यालय कक्ष का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे और कॉलेज निरीक्षक डॉ. संजय झा भी मौजूद रहे।

उद्घाटन के दौरान कुलपति ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इमरान खॉ को इस विस्तार पटल कार्यालय का नोडल अधिकारी नियुक्त किया। इस पटल के अंतर्गत जेपी कॉलेज नारायणपुर, एसडी कॉलेज गौरीपुर और एलएनबीजे कॉलेज भ्रमरपुर को जोड़ा गया है। कुलपति ने कहा कि यहां छात्रों की समस्याओं जैसे रिजल्ट सुधार, नाम सुधार, अंक पत्र से जुड़ी दिक्कतों (मूल प्रमाणपत्र को छोड़कर) का निपटारा आवेदन के माध्यम से किया जाएगा।
कुलपति ने कार्यालय की आधारभूत संरचना विकसित करने पर जोर दिया और निर्देश दिया कि इसमें फर्नीचर, काउंटर, कंप्यूटर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा इसकी रिपोर्ट 20 सितंबर तक विश्वविद्यालय को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी होने पर विश्वविद्यालय से मांग की जा सकती है।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. इमरान खॉ ने कुलपति और अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र व बुके देकर सम्मानित किया। छात्राओं खुशी और ज्योति ने कुल गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरा। मंच संचालन डॉ. दिव्यानंद ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य डॉ. इमरान खॉ ने दिया।
मौके पर डॉ. रवीन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. जलेश्वर, डॉ. रीतिका, डॉ. राजीव सहित सुमन, संजय, प्रशांत, अमित एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













