



भागलपुर। जीवन जागृति सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह लंदन से भागलपुर लौटे, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। रेलवे स्टेशन पर उनके पहुंचते ही सोसाइटी के सदस्यों और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
गौरतलब है कि डॉ. सिंह हाल ही में लंदन में आयोजित 14वें वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में शामिल हुए थे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में उन्हें “बेस्ट कम्युनिटी इम्पैक्ट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार ऑक्सफोर्ड (लंदन) के मेयर लुइयर ऑट्टन ने उन्हें प्रदान किया। समाज सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

भागलपुर लौटने पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत समारोह आयोजित किए। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर लोगों ने यह जताया कि उनकी सफलता पर पूरा शहर गर्व महसूस कर रहा है।
इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं बल्कि पूरे भागलपुर और बिहार का है। मुझे प्रसन्नता है कि हमारे समाज के लिए किए जा रहे कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है। यह पुरस्कार हमारी पूरी टीम और उन सभी लोगों के लिए है, जो समाज सेवा के कार्यों में मेरा सहयोग करते हैं।”
जीवन जागृति सोसाइटी के डॉ. रणेंद्र कुमार ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि डॉ. अजय कुमार सिंह की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
डॉ. अजय कुमार सिंह लंबे समय से समाज के वंचित तबकों के लिए कार्यरत हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने हजारों लोगों का जीवन संवारा है। यही कारण है कि उन्हें देश ही नहीं, विदेश में भी पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है।













