



नवगछिया नगर परिषद की उपसभापति रश्मि रथी देवी और उनके पति सह प्रतिनिधि अजय प्रमोद यादव शनिवार की रात पटना जाने के दौरान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दोनों घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए भागलपुर के जीवनदीप अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों अपने निजी वाहन हैरियर गाड़ी से पटना जा रहे थे। इसी दौरान गौछारी सतीश नगर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गाड़ी का शीशा टूट गया। इस दौरान उपसभापति रश्मि रथी देवी को सिर और आंख में चोट लगी, वहीं गाड़ी चला रहे उनके पति अजय प्रमोद यादव को भी हल्की चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही विधान परिषद सदस्य डॉ. एन.के. यादव को समाजसेवी गौतम यादव ने सूचित किया। डॉ. यादव ने तत्परता दिखाते हुए स्वयं संज्ञान लिया और अपने ही अस्पताल में दोनों का उपचार प्रारंभ कराया।

इस दौरान उपसभापति की पुत्री ने भी मानवता का परिचय देते हुए रक्तदान किया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और लोग उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।













