



भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें खंजरपुर निवासी 44 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर बरगाछ निवासी स्वर्गीय बृजेंद्र कुमार अंबष्ठा के पुत्र मानव अंबष्ठा के रूप में हुई है।

मानव अंबष्ठा पूर्णिया में सैमसंग कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पत्नी रश्मि अंबष्ठा ने बताया कि वे दोनों रविवार तड़के करीब चार बजे पटना जाने के लिए घर से निकले थे। सुबह 5:25 बजे भागलपुर से खुलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढ़ते समय मानव का पैर फिसल गया और वे नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद यात्रियों और रेलकर्मियों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिवारिक सूत्रों के अनुसार, रश्मि अंबष्ठा के मामा का पटना में निधन हो गया था, जिसके अंतिम दर्शन के लिए दोनों जा रहे थे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक मानव अंबष्ठा घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, जिससे पूरे परिवार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।














